Uttarakhand Weather Alert - उत्तराखंड के छह जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी, इस दिन से रेड अलर्ट जारी 
 

 

Uttarakhand Weather Alert - उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। प्रदेश में बीते दो दिन से बादलों का डेरा है। कहीं-कहीं वर्षा के दौर भी जारी हैं। गुरुवार को देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़ व नैनीताल में भारी वर्षा हुई। जिससे जन-जीवन प्रभावित हो गया। हालांकि, चारधाम समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहे। आज भी प्रदेश के निचले क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने के आसार हैं।


नैनीताल में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश से जनजीवन प्रभावित है। सुबह यहां कोहरा छाया था, करीब 11:30 बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई। जिससे ऊंचाई वाले इलाके से झील में गिरने वाले नाले उफना गए। बारिश से बाजारों में आवाजाही बेहद रही तो पर्यटक होटलों में दुबक गए या पर्यटन स्थलों में सुरक्षित स्थानों पर बारिश बंद होने का इंतजार करते रहे। माल रोड में भी आवाजाही रही। बारिश से झील का जलस्तर बढ़ रहा है।


मौसम विभाग ने अगले चार दिन प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी दी है। शनिवार से देहरादून व नैनीताल समेत छह जिलों में भारी वर्षा व ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 25-26 जून को प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून शावर तेज हो गए हैं। शुक्रवार को प्रदेश में गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर तीव्र बौछारों के एक से दो दौर और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


शनिवार से सोमवार तक मौसम को लेकर रेड अलर्ट - 
वहीं, शनिवार से सोमवार तक प्रदेश में मौसम को लेकर रेड अलर्ट है। देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, टिहरी, बागेश्वर और पिथाैरागढ़ में भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही कहीं-कहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। आपदा की आशंका के चलते संबंधित जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।