नए मंडलायुक्त ने बरेली की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की, अफसरों को दिए ये निर्देश

न्यूज टुडे नेटवर्क, बरेली। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए कार्य में तेज़ी लाई जाए। किसी भी स्तर पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान अवश्य रखा जाए। उन्होंने हुलासनगर क्रासिंग पर चल रहे कार्यों की विशेष रूप से समीक्षा की। मंडलायुक्त शुक्रवार को
 | 
नए मंडलायुक्त ने बरेली की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की, अफसरों को दिए ये निर्देश

न्यूज टुडे नेटवर्क, बरेली। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए कार्य में तेज़ी लाई जाए। किसी भी स्तर पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान अवश्य रखा जाए। उन्होंने हुलासनगर क्रासिंग पर चल रहे कार्यों की विशेष रूप से समीक्षा की।

मंडलायुक्त शुक्रवार को कमिश्नरी कार्यालय के सभागार में इस सम्बंध में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, एनएचएआई के परियोजना अधिकारी सुनील जिंदल के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मंडलायुक्त ने हुलासनगर क्रासिंग के कार्य की वर्तमान स्थितियों पर सम्बंधित अधिकारियों से पूछा तो उन्हें अवगत कराया गया कि प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज के दोनों ओर की एप्रोच रोड का निर्माण कार्य लगभग पूरा है। आईआईटी बीएचयू से जांच रिपोर्ट आते ही अन्य शेष कार्यों को विधिवत शुरू कर दिया जाएगा। इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि टेस्ट और जांच कार्य को इसी महीने पूरा करवाने के प्रयास किए जाएं। साथ ही एनएचएआई के सम्बंधित अधिकारियों ने उन्हें बताया कि हाईवे पर शेष निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।

मंडलायुक्त ने लाल फाटक, रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की और कहा कि रेलवे से समन्वय बनाए रखा जाए। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत सुभाषनगर पुलिया तथा अंडर पास और कुतुबखाना फ्लाईओवर के प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। प्रस्तावित कुतुबखाना फ्लाई ओवर के एप्रूव्ड डिजाइन एवं मैप को उन्होंने देखा और निर्देश दिए कि इस प्रस्तावित ब्रिज के निर्माण में नई आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाए। मंडलायुक्त ने सेतु निगम के इंजीनियरों से कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अनुश्रवण के कार्य का दायित्व पूरी ज़िम्मेदारी से सम्पन्न किया जाए।